ग्वालियर में शीतलहर, विजिबिलिटी घटी

Jan 04 2026

ग्वालियर। इस समय कड़ाके की ठंड जारी है। ग्वालियर में रविवार की सुबह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे शहर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा है।
जनवरी की शुरुआत से ही तापमान में गिरावट देखी जा रही है। लगातार बढ़ती ठंड का असर शहरवासियों के जनजीवन पर साफ दिख रहा है। सुबह की सैर पर निकलने वालों की संख्या में कमी आई है। कई स्थानों पर दिन में भी वाहनों की हेडलाइट्स जलती हुई नजर आ रही हैं, जो कोहरे की सघनता को दर्शाती हैं। प्रदेश के अन्य शहरों में भी ठंड और कोहरे का असर देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमालय में जबरदस्त बर्फबारी शुरू हो चुकी है, पहाड़ी इलाकों में तापमान माइनस से नीचे चल रहा है। हिमालय से आने वाली हवा से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है, कई जगहों पर जबरदस्त कोहरे ने गलन पैदा करने वाली ठंड को बढ़ा दिया है। ग्वालियर में हवा में नमी की मात्रा कम होने से अभी गलन पैदा करने वाली ठंड महसूस नहीं हो रही है।