झाडिय़ों में मिला महिला का अर्द्धनग्न शव कालीबाई का निकला

Jan 03 2026

ग्वालियर। कटारे फार्म हाउस के पास चार दिन पहले मिली महिला की शिनाख्त करने में पुलिस ने सफलता प्राप्त कर ली है। महिला का नाम कालीबाई बताया गया है और यह मजदूरी का काम करती थी। पुलिस ने मृतका का एआई तकनीक से फोटो बनवाया था और शिनाख्ती के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। गोला का मंदिर पुलिस अब महिला के कातिलों का पता लगाने में जुट गई है, और कहा गया है कि शिनाख्त होने के बाद हत्यारों का पता लगाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
एक ठेले वाले ने बताया कि महिला मजदूरी करती थी और अक्सर पिंटो पार्क से गोला का मंदिर के बीच दिखाई देती थी। पुलिस ने महिला की शिनाख्ती पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। अब गोला का मंदिर पुलिस यह पता लगा रही है कि महिला कहां रहती थी और उसकी हत्या कौन कर सकता है।
महिला के मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने हाइटेक तरीका अपनाया। पुलिस ने एआई तकनीक से महिला का एक फोटो बनवाया था। फोटो हाथ में आई तो पुलिस ने ऐसे क्षेत्रों में पहुंचना शुरू किया जहां मजदूर वर्ग रहता है। पुलिस की यह कोशिश मेला ग्राउंड के पीछे जाकर खत्म हुई। वहां रहने वाले मजदूर वर्ग व चाय-अंडा का ठेला लगाने वालों ने पुलिस को बताया कि महिला का नाम काली बाई है।
यह अक्सर पिंटो पार्क से गोला का मंदिर बेल्ट में देखी गई है। उनके ठेला से भी अक्सर चाय व अंडा लेती रही है। सभी लोग उसे काली बाई के नाम से जानते हैं। कोई यह नहीं बता सका कि वह रहती कहां है और उसके परिजन हैं या नहीं। शिनाख्त के बाद पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का पहला पड़ाव पार कर लिया है।
बतादें कि भिंड रोड नारायण विहार कॉलोनी की झाडिय़ों में कटारे फॉर्म के पास 29 दिसंबर की शाम एक महिला का अर्द्ध नग्न शव मिला था। महिला की हत्या चेहरे पर पत्थर से वार के बाद की गई थी। महिला का चेहरा काफी बिगड़ा हुआ था। उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। घटनास्थल पर जो हालात मिले थे उससे पहली नजर में ही स्पष्ट हो गया था कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस ने घटना स्थल से खून से सना पत्थर, महिला के कपड़े, पुरुष के कपड़े बरामद किए थे। कयास लगाया था कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दुष्कर्म की बात सामने नहीं आ सकी है, लेकिन पुलिस को डिटेल रिपोर्ट का इंतजार है।
इस बारे में एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि महिला की शिनाख्त हो गई है, लेकिन अभी यह पता नहीं चला है कि वह रहती कहां थी। उसके परिवार में कौन-कौन है। उसके हाथ पर लिखा पप्पू नाम किसका है। उसके पिता, भाई या पति का है। इसके बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। अभी नाम मिल गया है जल्द आरोपी को पकडक़र मामले का खुलासा करेंगे।