नाले में मिला फोटोग्राफर का शव, शराब के नशे में गिरने की आशंका
Jan 03 2026
ग्वालियर। माधौगंज स्थित गुढ़ा शराब दुकान से चंद कदम की दूरी पर नाले में शनिवार दोपहर एक युवक का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। स्थानीय लोगों ने शव की शिनाख्त कर ली। मृतक पेशे से फोटोग्राफर था और शराब का आदी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि युवक शनिवार सुबह करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। पुलिस को आशंका है कि युवक नशे की हालत में नाले में गिर गया और बाहर नहीं निकल पाया। सर्दी और पानी के कारण उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माधौगंज फौजी कॉलोनी गुढ़ा निवासी 44 वर्षीय नरेश सिंह पुत्र लायक सिंह सिकरवार की लाश शनिवार दोपहर नाले में पड़ी मिली है। नरेश मूल रूप से मुरैना-जौरा भटपुरा का रहने वाला था। गुढ़ा में वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था।
परिजन से पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी था। देसी शराब दुकान से चंद कदम की दूरी पर नाले में शव मिलने की खबर मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला संदिग्ध लगने पर तत्काल फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलवा लिया है। पुलिस ने बारीकी से जांच पड़ताल की है।
नरेश की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पूछताछ में पत्नी ने बताया कि नरेश शनिवार सुबह करीब 6 बजे घर से निकले थे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे उनकी मौत की सूचना मिली। संभावना जताई जा रही है कि घर से निकलने के बाद नरेश शराब की दुकान पर पहुंचा होगा और वहां से शराब खरीदकर नाले की पुलिया पर बैठकर पी होगी। नशे की हालत में संतुलन बिगडऩे से वह नाले में गिर गया।
परिजन ने बताया कि वह हैदराबाद में कैमरा चलाने का काम करता था। लेकिन कुछ दिनों से यहीं पर रह रहा था। रोजाना शराब पिया करता था। हालांकि घरवालों ने उसे काफी समझाया लेकिन उसने शराब पीना नहीं छोड़ी। यही शराब उसकी मौत का कारण बनी।
मृतक की पत्नी ने बताया कि नववर्ष शुरू होते ही उसके पति ने शराब पीना शुरू कर दिया था। पिछले तीन दिनों से वह न तो खाना खा रहा था और न ही कोई अन्य खाद्य पदार्थ ले रहा था। वह दिन-रात केवल शराब पी रहा था।
पत्नी ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की कि इतनी अधिक शराब पीना ठीक नहीं है, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि नाले में एक युवक का शव मिला है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था। इसलिए संभावना है कि वह नशे की हालत में नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की स्पष्ट वजह पीएम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









