शराब की जगह दूध से करें नव वर्ष की शुरुआत, लोगों की लंबी कतारें लगी

Jan 01 2026

ग्वालियर। नए साल की शुरुआत पर नशे के खिलाफ एक अनोखी जागरूकता पहल की गई। एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से इंदरगंज चौराहे पर लोगों को शराब के बजाय दूध पीने के लिए प्रेरित किया।
नए साल के पहले दिन सुबह से ही यह विशेष अभियान शुरू हुआ। चौराहे पर एक बड़ा पंडाल लगाया गया, जहां लगभग 2 क्विंटल केसर वाला गर्म दूध निशुल्क वितरित किया गया।
पंडाल के बाहर बड़े-बड़े बैनर लगाए गए थे, जिन पर दारू से नहीं दूध से करें नववर्ष की शुरुआत का संदेश लिखा था। साउंड सिस्टम के माध्यम से भी यह संदेश लगातार प्रसारित किया जा रहा था। इस दौरान एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने भी खुद लोगों को दूध पीने के लिए दिया।
आयोजकों ने बताया कि नववर्ष पर शराब पीकर जश्न मनाने की बढ़ती परंपरा से सडक़ दुर्घटनाएं, पारिवारिक कलह और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई, ताकि लोग नशे के दुष्प्रभावों को समझें और स्वस्थ विकल्प अपनाएं। नशे से व्यक्ति और परिवार दोनों बर्बाद होते हैं, जबकि दूध शरीर के लिए लाभकारी होता है।
इस सकारात्मक संदेश का लोगों पर गहरा असर हुआ। जैसे-जैसे अभियान की जानकारी फैली, दूध पीने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोगों ने इस तरह की जागरूकता मुहिम को युवाओं के लिए बेहद जरूरी बताया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से जिम्मेदारी के साथ नववर्ष का जश्न मनाने, नशे में वाहन न चलाने और सुरक्षित व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। ग्वालियर की इस पहल ने समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया।