शासन की योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा कोई भी हितग्राही-बलदेव अग्रवाल

Dec 30 2025

भितरवार। प्रदेश सरकार हर वर्ग के हितों के लिए कार्य कर रही है। गरीब,मजदूर,बेसहारा और पीडितों के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। उन योजनाओं के लाभ से कोई भी हितग्राही वंचित नहीं रहेगा। यह बात नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने वार्ड 2 में एक बुजुर्ग महिला को 2 लाख की राशि का स्वीकृत पत्र प्रदान करते समय कही। 
नगर के वार्ड 2 की आदिवासी बस्ती में रहने वाले लखपति आदिवासी का बीते दिनों बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिसे देखते हुए मंगलवार को सुबह नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल और वार्ड पार्षद ब्रजलता गजब सिंह रावत निकाय कर्मियों के साथ मृतक युवक की मां सुंदर बाई आदिवासी को संबल योजना से लाभान्वित करने पहुंचे। उन्होंने कुछ वार्डवासियों की मौजूदगी में संबल योजना के तहत बुजुर्ग आदिवासी महिला सुंदर बाई आदिवासी को 2 लाख रुपए की राशि का स्वीकृत पत्र प्रदान किया। 
इस दौरान उक्त वृद्ध महिला और उपस्थितजनोंं से नगर परिषद अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार दु:ख की घड़ी में साथ खड़ी है। कोई भी पीडि़त सरकार की ऐसी योजनाओं से वंचित रहेगा। निकाय से मिलने वाले लाभ आसानी से मिलेंगे। किसी प्रकार की चिंता न करें। वहीं इस दौरान वार्ड पार्षद ने कहा कि इससे पहले नगर परिषद की ओर से मृतक के परिजनों को 5 हजार की अंत्येष्टि राशि प्रदान की थी। आज संबल योजना से बुजुर्ग महिला को लाभांवित किया गया है। इस अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक विनोद खटीक आदि उपस्थित थे।