कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू, कोहरे के आगोश में रहा नगर

Dec 30 2025

भितरवार। बर्फीली हवाओं के साथ कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। घने कोहरे के साथ हाड़ कपकपा देने वाली शुरू हुई सर्दी से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। अपने आप को सर्दी से बचाने के लिए अधिकांश लोग घरों में दुबके रहे। कुछ लोगों ने अलाव की गर्माहट से सर्दी का सामना किया वहीं दुकानदारों ने रूम हीटर के सहारे अपना दिन व्यतीत किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को नगर एवं आस पास के गांव कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। सुबह से घने कोहरे के आगोश में डूबे नगर में वाहन चालक लाइट जलाकर रेंग रेंग कर अपने गंतव्य की ओर जाते रवाना हुए शीतलहर के साथ छाए रहे कोहरे की वजह से कस्बेबासियों की दिनचर्या प्रभावित हो गई।
लोग गलन जैसी सर्दी के अहसास के चलते काफी देर तक रजाई में दुबके रहे कई लोगों ने बर्फ में तब्दील हुए पानी को देख नहाना भी उचित नहीं समझा वहीं जरूरी कार्य को देखते हुए निकले लोगों ने जगह जगह अलाव जलाकर अपने आप को सर्दी से बचाया वहीं नगर में दुकानदार एक दूसरे की दुकान में रूम हीटर जलाकर तापते नजर आए 12 बजे के बाद सूर्य देव ने दर्शन दिए थोड़ी देर के लिए निकली धूप भी लोगों को सर्दी से राहत न दे सकी वहीं इस कड़ाके की सर्दी में बेसहारा पशु बुरी तरह से परेशान देखे गए।