बदमाशों ने युवक की पिटाई का वीडियो बनाकर माफिया ग्रुप डबरा पर डाला

Dec 30 2025

ग्वालियर। डबरा में 6 से अधिक बदमाशों ने एक युवक के साथ बीच सडक़ पर मारपीट की। इसका वीडियो बनाया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड भी कर दिया। यह घटना पुलिस चौकी से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक वीडियो सामने आया है। इसमें जोगिंदर रोड स्थित एक जिम के बाहर बदमाश एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने मारपीट का यह वीडियो खुद के सोशल मीडिया अकाउंट माफिया ग्रुप डबरा पर पोस्ट किया था।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो दो दिन पुराना है और वारदात शाम के समय हुई थी। घटना स्थल से महज 100 मीटर दूर पुलिस चौकी स्थापित है, जहां शाम के समय कुछ पुलिसकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर वीडियो अपलोड करने में सफल रहे।
वीडियो सामने आने के बाद डबरा पुलिस इन बदमाशों की तलाश में जुट गई है और उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। शहर में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे पुलिस की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है की वीडियो मिला है। जिसमें आधा दर्जन बदमाश मारपीट करते दिख रहे हैं। उनकी पहचान करवाई जा रही है। कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।