पुलिस ने होटल, स्पा और बार पहुंचकर की चेकिंग, 3 दिन चलेगा अभियान

Dec 30 2025

ग्वालियर। पुलिस ने नए साल के अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गरिमा अभियान शुरू किया है। यह तीन दिवसीय अभियान अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के निर्देश पर एडिशनल एसपी विदिता डागर के मार्गदर्शन में और डीएसपी महिला सुरक्षा शिखा सोनी के नेतृत्व में यह अभियान संचालित हो रहा है। इसके तहत महिला पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित हो रहे होटल, रेस्टोरेंट, बार, स्पा सेंटर, सैलून और मैरिज पार्लर आदि की चेकिंग करेंगी। अभियान के दौरान कहीं भी अनैतिक या प्रतिबंधित गतिविधियां मिलने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में एडिशनल एसपी विदिता डागर और डीएसपी महिला सुरक्षा शिखा सोनी के नेतृत्व में महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया और महिला पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने वर्धा स्पा सेंटर बहोड़ापुर, गोल्डन पेटल्स सैलून सिटी सेंटर, हेल्थ सैलून और बीच सैलून व स्पा सिटी सेंटर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान संचालकों को रजिस्टर उचित प्रकार से संधारित करने, व्यवस्थित रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को संचालित न करने के संबंध में निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी स्पा सेंटर, मसाज पार्लर और होटलों की चेकिंग जारी रहेगी और अनैतिक गतिविधियों के पाए जाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।