खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत सिर्फ तराशने की है-बलदेव अग्रवाल

Dec 30 2025

भितरवार। शिक्षा के साथ खेल भी आवश्यक है। खेल से मानसिक एवं शारीरिक विकास के साथ अच्छे खिलाड़ी बनने की प्रेरणा मिलती है। यह बात नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने अपने निवास पर आयोजित खिलाडिय़ों के सम्मान समारोह में कही। कार्यक्रम में पार्षद पति गज़ब सिंह रावत, खेल युवा विभाग की ब्लांक समन्वयक श्रीमती सीमा दुबे विशेष रूप उपस्थित रहीं। 
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि भितरवार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं। जरूरत है उन्हें तराशने और बढ़ावा देने की। सांसद खेल महोत्सव निश्चित रूप से एक सराहनीय पहल है। युवाओं को अपने खेल प्रदर्शन को निखारने के लिए हमारे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं ने ग्वालियर लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में अपना शानदार प्रदर्शन किया इस पर हमें गर्व है। और खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं हमें निरंतर प्रयास करना होगा कि हम ऐसी प्रतिभाओं को पहचान कर बढ़ावा दें। कार्यक्रम में अध्यक्ष ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने बाली बिजयी टीमों के खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। 
उल्लेखनीय है कि लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में भितरवार विधानसभा की टीमों का शानदार प्रदर्शन रहा 5 गोल्ड मेडल सहित कुल 15 मेडल जीतकर प्रतियोगिता में दबदबा कायम किया। नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने वॉलीबॉल टीम, बेसबॉल की टीम, कबड्डी और कुश्ती में पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया।
जिसमें नम्रता विद्यालय की वॉलीबॉल टीम को 1100 रुपए, खेल विभाग की बेसबॉल टीम को 1100 रुपए, मोहनगढ़ छात्रावास की कबड्डी टीम 500 रुपए व कुश्ती के खिलाडिय़ों को 500-500 रुपए नगर पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने क्रिकेट टीम को 2100 रुपए दे कर सम्मानित कर और घोषणा की वॉलीबॉल, बेसबॉल, कबड्डी, कुश्ती और क्रिकेट में विजेता टीमों के खिलाडिय़ों को आने वाले समय में नगर परिषद की ओर से ट्रेक सूट देकर पुरस्कृत किया जाएगा।