तीन दिन पहले लापता हुए युवक का नहर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Dec 29 2025

भितरवार। पुलिस थाना करहिया के ग्राम रिछारी कला के एक 38 वर्षीय युवक का शव नहर में मिला है। पानी में उतराता मिला मृतक युवक तीन दिन पहले लापता हुआ था। उसके दोस्त उसे तीन दिन पहले घर से राशन दिलाने की बात कहकर ले गए थे।
सोमवार को सुबह थाना क्षेत्र के दूसरे गांव के समीप निकली हरसी मुख्य नहर में उक्त युवक का शव बिल्कुल नग्न अवस्था में उतराता हुआ मिला है। जब शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भितरवार की सामुदायिक अस्पताल लेकर आई जहां एकत्रित हुए मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम से पूर्व हंगामा कर दिया।
उन्होंने युवक को ले जाने वाले लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करने की मांग की। जिस पर थाना प्रभारी संजू यादव ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच करने और मामले का कोई भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजन माने। जिस पर पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रिछारी कला निवासी 38 वर्षीय युवक नीरज रजक पुत्र अमृतलाल रजक 27 दिसंबर शनिवार की सुबह घर से अपने दोस्तों के साथ राशन लेने गया था। उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। जिसमें गांव के समीप से निकली नहर की कैनाल पर युवक की बाइक मिली। जिस पर उसके कपड़े रखे हुए थे। लेकिन तलाश करने पर जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 28 दिसंबर रविवार की सुबह करहिया पुलिस थाने पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने  गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
सोमवार की सुबह तकरीबन 9 बजे खेड़ा गांव से निकली हरसी मुख्य नहर कैनाल में उक्त युवक का शव उतराते हुए ग्रामीणों को दिखा जिस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक पूरी तरह से नग्न अवस्था में था। पुलिस ने शव को अपनी कस्टडी में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भितरवार सामुदायिक अस्पताल भिजवाया।
वहीं इस दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि 27 दिसंबर की सुबह 10 बजे के लगभग गांव का लखन झा, सोनी शाक्य और खुशहाली कुशवाह अपने एक अन्य साथी के साथ घर पर आए हुए थे। जो नीरज को बुलाकर ले गए थे। उसके बाद से वह लापता था। जब उसकी कोई जानकारी नहीं लगी तो 28 दिसंबर रविवार को पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसमें उपरोक्त लोगों के द्वारा उसे ले जाने की बात कही थी। साथ ही उपरोक्त लोग भी उसी दिन से लापता थे। जिस पर पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र के आधार पर उपरोक्त लोगों को रविवार की देर रात्रि पकड़ लिया है।
अब सवाल यह है कि युवकों के पकड़े जाने के बाद सुबह अचानक नीरज का शव नहर में उतराता हुआ मिलना कहीं ना कहीं उपरोक्त लोगों पर शंका पैदा करता है। उपरोक्त लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर परिजनों ने 2 घंटे तक अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं होने दिया बाद में थाना प्रभारी के द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर हंगामा कर रहे लोग शांत हुए उसके बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
मामले को लेकर थाना प्रभारी संजू सिंह यादव के द्वारा बताया गया कि युवक के लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जिसकी डेड बॉडी खेड़ा गांव के पास नहर में मिली है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर लिया है। और पकडे गए लडक़ों से पूछताछ भी की जा रही है। बाद में पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।