भारती सागर आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की ग्वालियर जिला अध्यक्ष नियुक्त

Dec 29 2025

ग्वालियर। मप्र संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ द्वारा जिला अस्पताल मुरार में आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्वसहमति से भारती सागर को जिला इकाई ग्वालियर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। भारती सागर के जिला अध्यक्ष नियुक्त होते ही कर्मचारियों द्वारा फूल मालाओं से स्वागत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल सिंह द्वारा बताया गया कि सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य के साथ दोहरी नीति के तहत शोषण किया जा रहा है। एक ही जिले में अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है। श्रम विभागों के नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, मध्य प्रदेश में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के लाखों पद रिक्त हैं फिर भी वर्षों से सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारी को रिक्त पदों पर समायोजन नहीं किया जा रहा है।
जिससे सरकार की मनसा आउटसोर्स विरोधी है हम सभी को समझना होगी हम सभी को अपना भविष्य सुरक्षित करना है तो आंदोलन का रुख अपनाना होगा।
आगामी दिनों में भोपाल में हजारों की संख्या में आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मी बच्चों सहित धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यानआकर्षण कराऐंगे।  इस दौरान मप्र स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के रणवीर सिंह सिकरवार एवं महादेव सिंह गोयल एवं सैकड़ो की संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।