ग्वालियर में कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, ट्रेनें लगातार चल रही लेट

Dec 29 2025

ग्वालियर। सोमवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। गत रात करीब 12 बजे से ही कोहरा छाना शुरू हो गया था, जो सोमवारसुबह होते-होते पूरे शहर में फैल गया। सुबह 9 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं होने से ठंड का असर और बढ़ गया। सडक़ों पर विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रही, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए।
लगातार बढ़ती ठंड और कम विजिबिलिटी के चलते दिल्ली और भोपाल से आने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनें 30 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से ग्वालियर पहुंचीं। 
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नए साल की शुरुआत के साथ मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान ठंड, कोहरा और मावठा एक साथ असर दिखा सकते हैं। बीते कुछ वर्षों में भी इसी अवधि में मौसम का पैटर्न ऐसा ही रहा है।
उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के सक्रिय होने और सुबह छाए कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
एक जनवरी से पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी से कड़ाके की ठंड पड़ेगी। रात के साथ अब दिन में भी ठंड ज्यादा महसूस होगी। धूप कमजोर रहेगी और ठंड का असर तेज होगा। दिन का तापमान 24 से घटकर 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।