रक्तदान से बढक़र कोई दान नहीं

Dec 25 2025

ग्वालियर। रक्तदान से बढक़र कोई दान नहीं। रक्तदान के प्रति समाज में पहले की अपेक्षा लोगों में जागरुकता आई है, लेकिन हमें अभी और जागरुकता अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि इसका फायदा प्रत्येक पीडि़त को मिले। यह बात प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने माधौ महाराज स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में रेडक्रॉस सोसायटी कंपू पर आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि कही।
कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ थे। अध्यक्षता नवल शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथि अभय पापरीकर, पूर्व कुलसचिव डॉ. डीएस चंदेल थे। शुरुआत में प्रभारी मंत्री तुलसी सजावट एवं अतिथियों ने मां सरस्वती एवं कै. माधौ महाराज की तस्वीर पर माल्यार्पण कर विधिवत शुभारंभ किया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि माधौ महाराज की चिकित्सा के क्षेत्र में अद्वितीय कल्पना थी, जो आज भीं ग्वालियर चंबल अंचल के लोगों को स्वास्थ्य लाभ देकर जयारोग्य अस्पताल के रूप में लाभान्वित कर रही है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है, यह केवल मानव शरीर से ही प्राप्त किया जा सकता है और रक्तदान से कई जानें बचती हैं।
राठौड़ ने आगे कहा कि रक्तदान से हृदय रोग का खतरा कम होता है और शरीर में नई लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे हम स्वस्थ रहते हैं। कार्यक्रम संयोजक आशीष प्रताप सिंह राठौड़ एवं प्रभारी मंत्री ने रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह वितरित किए।
शिविर में पूजा शर्मा, नितेश कम, अभय उपाध्याय, आनंद कम, आकाश चौहान, प्रिंस गुप्ता, विश्वजीत सिंह, शिवम दंडोतिया, नीरज सेन, चित्रांश जादौन आदि ने रक्तदान किया।