समिट में गृहमंत्री और सीएम ने 2 लाख करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया

Dec 25 2025

ग्वालियर। मेला ग्राउंड में गुरुवार को अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट निवेश से रोजगार का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया।
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रीअमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एमपी ग्रोथ समिट में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ग्वालियर व्यापार मेले और अटल म्यूजियम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंच से 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया। इसमें 1655 औद्योगिक इकाइयां है।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को राजा साहब कहकर संबोधित किया। मंच से यह सुनकर पब्लिक ने खूब तालियां बजाई। आगे उन्होंने कहा कि ग्वालियर की धरती साधारण नहीं है। यही वह भूमि है जहां तानसेन का जन्म हुआ और ग्वालियर घराने के अनेक महान संगीतकारों ने अपनी साधना की। उन्होंने कहा कि इसी भूमि ने अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता को देश को दिया। यहीं से निकलकर अटल जी ने संघर्ष किया और आज पूरा देश उन्हें लाड़ करता है। यह ग्रोथ समिट भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित की गई है।
अटलजी के निवास पर जाने का कार्यक्रम हुआ रद्द
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कमलसिंह के बाग स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निवास स्थान पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन उसे अंतिम समय में रद्द कर दिया गया।
 काले कपडों पर लगी रोक
कार्यक्रम स्थल पर किसी को भी काले कपड़े पहनकर नहीं जाने दिया जा रहा था, इसके चलते जो लोग काले कपड़े पहनकर आए थे उनके कपड़ों को बाहर ही उतरवा लिया गया था, इसके साथ ही लोगों के मोबाइल भी बंद करा दिए गए थे।
समारोह में मप्र विधानसभ अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री नाराण सिंह कुशवाह, मंत्री एदल सिंह कंषाना, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मंत्री राकेश शुक्ला, मंत्री चेतन्य काश्यप, मंत्री विश्वास सारंग व भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल सहित अन्य कैबिनेट मंत्री मौजूद हैं।