आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर आईटीबीपी जवान की मौत,पत्नी सहित पांच जवान घायल

Dec 24 2025

ग्वालियर। आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर बुधवार सुबह एक एम्बुलेंस खड़े ट्रक से जा भिड़ी है। हादसे में एम्बुलेंस में सवार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान की मौत हो गई है, जबकि मृतक की पत्नी सहित पांच जवान घायल हो गए हैं। घटना घाटीगांव वन चौकी के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। पुलिस ने हादसे की जांच के बाद ट्रक को जब्त कर लिया है।
शिवपुरी से बीमार जवानों को एम्बुलेंस में लेकर इंडियन-तिब्बत बॉर्डर फोर्स (आईटीबीपी) के कुछ जवान ग्वालियर आ रहे थे। एम्बुलेंस का चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। बुधवार सुबह जैसे ही एम्बुलेंस वन चौकी घाटीगांव के सामने पहुंची, तो हाईवे पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद वहां चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां (आईटीबीपी) जवान राजू बाल्मीक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है, जबकि मृतक राजू की पत्नी सविता, मनोज पुत्र विनोद कुमार शर्मा, रामकिशोर पुत्र बलराम कुशवाह, विमल खंगार, दिनेश जाटव घायल हुए हैं। सभी घायलों को जेएएच के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
एम्बुलेंस में सवार सभी पांच जवान अलग-अलग कारण से बीमार थे। सभी को आईटीबीपी जवानों को शिवपुरी से ग्वालियर इलाज के लिए भेजा जा रहा था। पर हाइवे पर एम्बुलेंस चालक की रफ्तार के चलते यह हादसा हुआ है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवे पर कोहरा अधिक था, जिस कारण तेज रफ्तार में आ रही एम्बुलेंस के ड्राइवर को हाइवे पर खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और यह भिडंत हो गई। जबकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्बुलेंस चालक की झपकी लगने से यह हादसा हुआ है।
घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा ने बताया कि सडक़ हादसे में एक आईटीबीपी जवान की मौत हुई है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। जिनका ग्वालियर जेएएच में इलाज चल रहा है।