जगमन और महेश रावत ने जीती चौसर प्रतियोगिता

Dec 23 2025

भितरवार। चौसर खेल के खिलाडिय़ों की मंशा को देखते हुए लखेश्वरी भाजपा मंडल के ग्राम नजरपुर में चौसर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कई लोगों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जगमन सिंह रावत और महेश रावत विजेता रहे।
मंगलवार को विकासखंड की ग्राम पंचायत आदमपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम नजरपुर में अमर सिंह रावत द्वारा चौसर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि घाटीगांव जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष संगीता राठौर, विशिष्ट अतिथि लखेश्वरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत थे। इस प्रतियोगिता में आसपास क्षेत्र के कई चौसर खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
जिसमें जगमन रावत और महेश रावत लुहारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर रहे। वहीं दूसरा स्थान कमल किशोर और हाकिम सिंह दिहायला ने प्राप्त किया। वहीं भरत रावत और संजय रावत तीसरे स्थान पर रहे। पहला स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 11 -11 हजार रूपये का पुरुष्कार दिया गया। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे विजेताओं को 7 हजार और 5 हजार रुपए देकर पुरुष्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता राठौर ने कहा कि यह बहुत पुराना खेल है। लेकिन आज भी कई लोग इस खेल में रुचि रखते हैं। लोगों की रुचि अनुसार समय समय पर खेलों का आयोजन होना चाहिए। वहीं इसी प्रकार चौसर प्रतियोगिता में मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत ने भी अपने विचार रखे। और इस खेल की सराहना की।
इस अवसर पर भितरवार जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण राजे, भाजपा नेता उदयभान सिंह रावत, लाली राजबहादुर रावत सरपंच, सीमा यादव, डॉ वर्षा श्रीवास्तव, पंचम कुशवाह, माधो कुशवाह, रामेश्वर रावत, हेमंत बाथम, मनीष राजौरिया आदि उपस्थित थे।