खाद के लिए जमीन के दस्तावेजों की लगाई कतार

Dec 23 2025

डबरा/भितरवार। डबरा क्षेत्र के किसानों को रबी की फसल के लिए आसानी से खाद नहीं मिल पा रहा है। खाद के लिए अन्नदाता किसान घंटों तक खाद वितरण केन्द्र पर देखे जा रहे हैं। काफी देर तक खड़े होकर थके हारे किसान खाद के लिए जमीन के दस्तावेजों की कतार लगाते देखे गए हैं। डबरा में खाद वितरण की व्यवस्था कई दिनों से बिगड़ी है। वहीं दूसरी ओर भितरवार क्षेत्र में पिछले वर्ष की तुलना में इस सीजन में खाद वितरण व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जिसमें महत्वपूर्ण भूमिका एसडीएम राजीव समाधिया की रही है।
जानकारी के अनुसार डबरा विकासखंड में किसानों को गेहूं की फसल के लिए यूरिया खाद समय पर नहीं मिल रहा है। डबरा क्षेत्र के खाद वितरण केंद्रों पर खाद की किल्लत बनी हुई है। जिला प्रशासन के  कड़े निर्देशों के बाद भी खाद वितरण व्यवस्था नहीं सुधरी है। जिसका ताजा उदाहरण बीते रोज डबरा के एक खाद वितरण केन्द्र पर सामने आया है। जहां अन्नदाता किसानों भीड़ यूरिया खाद लेने के लिए कड़ी मशक्कत करते हुए देखी गई। घंटों तक खड़े होकर थके हारे किसानों को खाद नहीं मिला तो उन्होंने खाद की आस में अपने-अपने जमीन के दस्तावेज लाइन में लगा दिए।
खाद वितरण केन्द्र पर लगी जमीन के दस्तावेजों की लाइन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। जो डबरा में खाद वितरण में अनियमितताओं की ओर इशारा कर रहा है। दिनभर खड़े होने के बाद भी खाद न मिलने पर किसानों में प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी बनी हुई है।
वहीं दूसरी ओर भितरवार विकासखंड में इस बार इस सीजन में खाद वितरण व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला है। पिछले वर्ष की तुलना में किसानों को इस सीजन में आसानी खाद मिल रहा है। पिछले वर्ष इन्ही दिनों भितरवार में किसान खाद के लिए सडक़ों पर दिखाई दिया था। खाद वितरण व्यवस्था सही न होने से स्थानीय प्रशासन ने पुलिस थाने में किसानों की लाइन लगवाकर खाद वितरण कराया था।
खरीफ की फसल धान के लिए भी किसान खाद के लिए आंदोलित होकर सडक़ पर उतर आए थे। इसी बीच आए भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया ने पदभार ग्रहण करते ही सबसे पहले खाद वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए। उनके द्वारा जारी कड़े निर्देशों के बाद भितरवार में खाद वितरण व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।