विकास और प्रगति में ग्वालियर बनेगा नींव का पत्थर: मंत्री सिलावट

Dec 22 2025

ग्वालियर। 25 दिसंबर को ग्वालियर में होने वाली अभ्युदय समिट की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस समिट में देश-विदेश के व्यापारियों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंत्री सिलावट ने कहा कि यह वर्ष उद्योग को समर्पित किया था। यह उसी का नतीजा है कि ग्वालियर एक नींव का पत्थर साबित होने वाला है।
सोमवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री और सांसद ने गृहमंत्री के प्रवेश, मंच तक पहुंचने के मार्ग, ग्रीन रूम की संख्या, लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए यातायात प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
ग्वालियर में आयोजित होने वाली इस अभ्युदय ग्रोथ समिट में देश के जाने-माने उद्योगपतियों के बड़ी संख्या में आने की उम्मीद है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के लिए एक बड़ा क्षेत्र तैयार किया जा रहा है। इसके मुख्य डोम में 21 सेक्टर बनाए गए हैं, साथ ही एक अतिरिक्त सेक्टर भी तैयार किया गया है। साथ ही एक बड़ा प्रदर्शनी क्षेत्र (एक्जीबिशन एरिया) भी बनाया जा रहा है। मुख्य डोम में एक दर्जन से अधिक बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि सभी दर्शक कार्यक्रम को आसानी से देख सकें।
इस मौक पर भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष प्रताप सिंह राठौड़, संभागायुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह, निगमायुक्त संघ प्रिय, सोजान सिंह रावत, कुमार सत्यम, सीबी प्रसाद एवं श्रीमती अनीशा श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।