कॉम्बिंग गश्त में 250 बदमाशों को पकडक़र 348 गुंडे व हिस्टीशीटरों को चेक किया

Dec 14 2025

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सर्द रात में एक बार फिर सक्रिय हुई और वहां पहुंची जहां गुंडे-बदमाशों के ठिकाने हैं। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 250 बदमाशों को पकड़ कर हवालात में पहुंचा दिया। 348 गुंडे व हिस्टीशीटरों के दरवाजे खटखटाए और पूछा कि इस समय क्या कर रहे हैं? बदमाशों ने जब पुलिस को बताया कि वह शांति से जिंदगी जी रहे हैं तो उनसे कहा गया कि अपराध के बारे में अब सोचना भी मत नहीं तो सीधे जेल भेज दिए जाओगे। इस दौरान अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों रुपए की शराब जब्त कर तीन आरोपियों को पुलिस ने पकडक़र थाने भिजवा दिया।
एसएसपीधर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में गत रात शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान एएसपी विदिता डागर, अनु बेनीवाल, सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर ने कमान संभाली और फरार चल रहे बदमाशों के घरों पर पहुंची। सर्द रात में घरों में सोए हुए बदमाशों को इसका भान नहीं था कि आधी रात को पुलिस आ धमकेगी। पुलिस ने दरवाजे खटखटाकर बदमाशों को नींद से उठाया और सीधे उस थाने भेज दिया जहां वारदात की थी। 
पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान फरारी बदमाश, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाश व गुंडों को चेन से नहीं रहने दिया जाएगा और जो अपराध करेगा व सीधे जेल जाएगा। अवैध शराब, जुआ, सट्टा तथा हथियार रखने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो रही है। सामाजिक बुराइयों को जिले में पनपने नहीं दिया जाएगा।