प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने गिनाईं मोहन सरकार की दो साल की उपलब्धियां
Dec 13 2025
ग्वालियर। मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेशभर में मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। ग्वालियर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रेसवार्ता कर सरकार के कामकाज को बेमिसाल बताया। हालांकि, जब मीडिया ने ग्वालियर की बदहाल सडक़ों को लेकर सवाल किए तो मंत्री सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। सडक़ सुधार के सवाल पर उन्होंने केवल इतना कहा कि काम दुरुस्त कराया जा रहा है।
शनिवार को ग्वालियर में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने करीब एक घंटे तक बीजेपी सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
प्रेसवार्ता के दौरान जब मीडिया ने विकास से जुड़े जमीनी मुद्दों पर सवाल उठाए तो ग्वालियर की जर्जर सडक़ों का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। पत्रकारों ने पूछा कि निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद सडक़ों की हालत क्यों नहीं सुधरी। इस पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर पहले ही बात हो चुकी है और अब सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जानी चाहिए।
जब सडक़ों के सवाल को दोबारा उठाया गया तो मंत्री ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि सडक़ों को "दुरुस्त कराया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने किसी ठोस समय सीमा या योजना का जिक्र नहीं किया।
बता दें कि ग्वालियर की बदहाल सडक़ें बीते कुछ महीनों से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। बरसात के दौरान शहर के कई प्रमुख और पॉश इलाकों की सडक़ें धंस गई थीं और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। उस समय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक ने अधिकारियों को फटकार लगाई थी और जल्द सुधार के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, बरसात खत्म हुए करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी हालात में खास सुधार नहीं हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
मंत्री सिलावट ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार, किसानों का हित और एससी-एसटी वर्ग का विकास प्राथमिकता रहा है। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि अब एक परिवार को 20 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, जो पहले संभव नहीं था।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास अब दिखाने के लिए कुछ नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के दौरान प्रदेश का सिंचित रकबा 7 लाख हेक्टेयर से बढक़र 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चैहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह, निगमायुक्त संघ प्रिय, आईआईडीसी की एमडी अनीशा राव व भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया विधायक मोहन सिंह राठौर मंचासीन थे। वहीं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ एवं ग्रामीण अध्यक्ष विनय जैन, दीपक शर्मा, विनोद शर्मा, सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









