बागवई गांव में अनियंत्रित कार किसान के घर में घुसी, बड़ा हादसा टला

Dec 04 2025

भितरवार। गत देर रात बागवई गांव में किसान के घर में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घुस गई। तेज रफ्तार कार घर की कच्ची मड़ैया के ऊपर से जाकर नीम के पेड़ से जा टिकी। जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। और किसान का एक बालक चोटिल हुआ है। तीनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
सुबह हादसे की जानकारी मिलने पर गांव के लोगों की भीड़ किसान के घर जमा हो गई। गांव में अंधे मोड़ पर सामने बने इस किसान के घर में इससे पहले भी कई बार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर घुस चुके हैं। इसके बाद भी प्रशासन ने दुर्घटना रोकने के लिए कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया।
जानकारी के अनुसार गत रात साढ़े 10 बजे के आसपास भितरवार से ग्वालियर की ओर जा रही एक क्रेटा कार क्रमांक एमपी 41 सीबी 2512 नगर के समीप स्थित ग्राम बागवई में किसान बाबूलाल बघेल के घर में घुस गई। गांव में अंधा मोड़ होने से अनियंत्रित होकर घुसी कार घर में बनी एक कच्ची मड़ैया पर चढ़ गई। जिससे मड़ैया  क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मड़ैया में सो रहा किसान का बालक देवेश बघेल दुर्घटना में चोटिल हो गया।
तेज रफ्तार में पलट कर कार नीम के पेड़ पर जा टिकी। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं इस भयानक हादसे से किसान के घर चीख पुकार मच गई। गहरी नींद से घर और आसपास के लोग जाग गए। जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कढ़ी मशक्कत कर कार में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला। तीनों व्यक्ति घटना में बुरी तरह घायल हो गए।
घायलों की पहचान भिंड जिले के गोरमी निवासी लोकेंद्र जाटव पुत्र सागर जाटव, सौरभ पुत्र मनोज कुमार जाटव ग्वालियर और विजय कुमार पुत्र राकेश कुमार जाटव ग्वालियर के रूप में हुई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए इन तीनों युवकों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। इन घायलों में भिंड जिले के गोरमी निवासी लोकेंद्र जाटव की गंभीर हालत गंभीर बताई गई है। भितरवार अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार बाद तीनों घायलों को उपयुक्त इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।
वहीं घटना को लेकर किसान बाबूलाल बघेल ने बताया कि कार में सवार तीनों युवक शराब के नशे में धुत थे। रोड़ पर मोड को शराब के अत्यधिक नशे में होने के कारण वे समझ नहीं पाए इसी कारण अनियंत्रित होकर उनकी कार मेरे घर में घुस गई। जिससे बड़ी घटना घटित होने से बच गई है।
वहीं हादसे का पता चलने पर गुरुवार को सुबह गांव के भाजपा नेता बिजेंद्र गुर्जर, दिमान सिंह गुर्जर सहित गांव के कई लोग किसान के घर पहुंचे। जिन्होंने बागवई गांव के इस अंधे मोड़ पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग प्रशासन से की है।
उल्लेखनीय है कि गांव में इस अंधे मोड़ की वजह से पिछले वर्ष एक टूरिस्ट बस इसी किसान के घर में घुस गई थी। और आठ रोज पहले भी एक कार अनियंत्रित होकर उक्त किसान के घर घुस गई थी। इसी प्रकार एक कंबाइन मशीन अंधे मोड़ पर पलट कर खेतों में जा गिरी थी। अगर समय रहते प्रशासन ने दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाया तो कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।