7आई स्कूल के बच्चों ने कैंसर अस्पताल का किया भ्रमण

Nov 29 2025

ग्वालियर। 7आई वल्र्ड स्कूल ग्वालियर के विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट ग्वालियर में हुआ। भ्रमण के दौरान छात्रों को अस्पताल के विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में ले जाया गया, जहां उन्हें अस्पताल की सुविधाओं, सेवाओं और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने आवश्यक जीवन-रक्षक कौशलों पर एक जागरूकता सत्र में भी भाग लिया, जिसमें कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन भी शामिल था।
इस सत्र ने उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया देने और बुनियादी प्राथमिक उपचार के महत्व को समझने में मदद की। शैक्षणिक गतिविधि के एक हिस्से के रूप में छात्रों ने मास्क-पेंटिंग गतिविधि में भाग लिया, जिसमें उन्होंने अपनी रचनात्मकता और कल्पना का उपयोग करते हुए लव एंड होप थीम पर रेडिएशन थैरेपी मरीजों के मास्क को रंगा। इस गतिविधि का उद्देश्य कैंसर मरीजों की भावनात्मक यात्रा के प्रति सहानुभूति, सकारात्मकता और जागरूकता को प्रोत्साहित करना था।
इस मौके पर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीआर श्रीवास्तव ने छात्रों को कैंसर के कारणों के बारे में बताया और स्वस्थ जीवनशैली, समय पर जांच तथा जन-जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।