तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

Nov 28 2025

ग्वालियर। शुक्रवार की दोपहर 2 बजे के करीब तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसा पुरानी छावनी स्थित निरावली पॉइंट पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पीएम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मोती झील क्षेत्र निवासी चमेली बघेल पत्नी अतर सिंह बघेल अपने बेटे धर्मेंद्र बघेल के साथ शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होकर कैलारस (मुरैना) से लौट रही थीं। दोनों जैसे ही निरावली पॉइंट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मां-बेटा बाइक सहित सडक़ पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं पुलिस अब डंपर और उसके चालक को तलाशने के लिए  आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।