जिले के पुलिस अफसरों और जवानों ने किया पैदल मार्च

Nov 28 2025

ग्वालियर। अपराधियों में भय रहे और पुलिस का मूवमेंट हर गली और मोहल्ले में दिखे, इसके लिए एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर सभी एएसपी ने अपने अधिनस्थों के साथ थाना क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। इस पैदल भ्रमण में दो-दो थानों की टीम बनाई जो एक दूसरे के थाना क्षेत्र में पहुंची और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी बाते सुनी और निराकरण के निर्देश दिए। शाम को थाने में हुई गणना के बाद एएसपी सहित अन्य अफसर अपने-अपने थानों के बल के साथ इलाके में निकले।
अचानक पुलिस का मूवमेंट देखकर लोग सहमें कि कही कोई वारदात हो गई, लेकिन जब पुलिस अफसर उनके पास पहुंचे और संवाद किया तो पता चला कि पुलिस का यह रूटीन पैदल मार्च है, जिससे पुलिस और जनता के बीच सामजस्य बनाया जा सके और अपराधियों की जानकारी अफसरों तक पहुंच सके। पुलिस अफसरों से संवाद के बीच स्थानीय लोगों ने उन स्थानों की जानकारी पुलिस को दी, जहां पर आवारा युवकों का जमावड़ा रहता है और महिलाओं व युवतियों का निकलना दुश्वर होता है। पुलिस अफसरों ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि इन स्थानों पर प्वाइंट में तैनात जवान लगातार गश्त करेंगे, जिससे "यहां पर आवारा गर्दी करने वालों का जमावड़ा ना हो सके।
 अफसरों ने जिन इलकों में पैदल भ्रमण किया, उस इलाके के माइक्रोबीट प्रभारी को लगातार इलाके में रहने और लोगों से संवाद करने के निर्देश दिए, जिससे ज्यादा से ज्यादा सूचनाएं पुलिस तक पहुंचे और अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके।
पैदल भ्रमण में एएसपी विदिता डागर, अनु बेनीवाल सभी सीएसपी और एसडीओपी और थाना प्रभारी अपने-अपने बल के साथ मौजूद रहे।