डबरा के एडवोकेट चंद्रभान मीणा की हत्या को लेकर भितरवार अभिभाषक संघ ने सौंपा ज्ञापन

Nov 27 2025

भितरवार। डबरा के एडवोकेट चंद्रभान मीणा की मौत को लेकर भितरवार अभिभाषक संघ भी बहुत दुखी है। मृतक एडवोकेट के प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर लिए नगर के अभिभाषक पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने इस प्रकरण में विवेचना अधिकारी बनाए गए भितरवार थाना प्रभारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। 
संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश शर्मा के नेतृत्व में सभी  अभिभाषक पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि डबरा के अधिवक्ता चंद्रभान मीणा की नृसंश हत्या की गई है। जिसको लेकर डबरा पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज है। इस अपराध से संबंधित विवेचना किए जाने का कार्य आपको सौंपा गया है। 
ज्ञापन में अभिभाषक संघ ने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई से संतोषजनक परिणाम नहीं आए हैं। जिससे अधिवक्ता संघ में रोष और असंतोष व्याप्त है। वहीं उन्होंने कहा कि अपराध से संबंधित अपराधियों की गिरफ्तारी होना भी शेष है। ज्ञापन में अभिभाषक संघ ने मांग करते हुए विवेचना अधिकारी से कहा कि विवेचना के फलस्वरूप पारदर्शिता पूर्वक कार्रवाई करते हुए उक्त अपराध में संलिप्त संदिग्धों के प्रति उचित कार्रवाई कर शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। अन्यथा अधिवक्ता संघों को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
वहीं ज्ञापन देने आए कुछ वकीलों से जब ज्ञापन देने के संबध में पूछा गया तो उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जो विवेचना  अधिकारी सुधीर कुशवाह बनाए गए हैं। वह पहले से ही विवादित हैं।
नगर में एक व्यवसाई और युवक के बीच हुए झगड़े की जांच किए बगैर थाना प्रभारी श्री कुशवाह ने तलवार लहराने वाले के खिलाफ आम्र्स एक्ट और पत्थर बरसाकर भय का माहौल बनाने बालों के खिलाफ केवल 151 के तहत मामला दर्ज किया था। जबकि एक साथ कई लोगों ने मोहल्ले में पथराव किया था। मौके पर जाए बगैर थाना प्रभारी ने राजनेतिक दबाव के चलते एकतरफा कार्रवाई की थी। ऐसे में इनसे ईमानदारी कम उम्मीद होने पर यह ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट रमेशचंद्र दुबे, हरीश अग्रवाल, अनिल नामदेव, रामू गुर्जर, बसंत शर्मा, रामनारायण दिघर्रा, उमेश पाठक आदि उपस्थित थे।