सीमा सुरक्षा बल के कमांडर ने हादसे में घायलों की सहायता की

Nov 27 2025

ग्वालियर। सीमा सुरक्षा बल के कमांडर ने एक वाहन चालक द्वारा बाइक सवार को टक्कर मारने एवं इस हादसे में तीन लोगों के घायल होने के बाद आम लोगों के तमाशबीन बने रहने उनकी वीडियो बनाने उनकी कोई सहायता नहीं करता देख मौके से गुजर रहे बीएसएफ के काफिले के कमांडर ने तत्काल वाहन से उतर कर तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार शुरू कराया। बीएसएफ के इस उदारतापूर्वक कार्य की सभी लोगों ने सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि गत शाम लगभग सवा पांच बजे झाँसी घाटी के पास एक थार गाड़ी चालक ने लापरवाहीपूर्वक एक बाइक को टक्कर मार दी तथा घटनास्थल से तेज गति में फरार हो गया। बाइक पर 3 लोग सवार थे लगभग 1.5 वर्ष का एक छोटा बच्चा, 70 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला, तथा 45 वर्ष के एक पुरुष था। दुर्घटना में बुजुर्ग महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय आसपास मौजूद लोग केवल तमाशबीन बने रहे, परंतु उसी दौरान बीएसएफ के तीन वाहन वहाँ से गुजर रहे थे। पार्टी कमांडर निशिकांत शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर तुरंत रुके और बिना किसी विलंब के मानवीय कर्तव्य का परिचय देते हुए घायलों की सहायता के लिए आगे आए।
बीएसएफ पार्टी कमांडर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल बाइक सवारों को अपनी साथियों के सहयोग से सिम्स हॉस्पिटल, ग्वालियर के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
बीएसएफ द्वारा दिखाए गए इस त्वरित सहयोग और संवेदनशीलता ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।