समर्पण अन्न दानम चैरिटेबल सोसायटी द्वारा नि:शुल्क पॉलीक्लीनिक का आयोजन आज

Nov 27 2025

ग्वालियर। वर्ष 2021 में स्थापित समर्पण अन्न दानम् चैरिटेबल सोसायटी विगत चार वर्षों से नाममात्र के मूल्य पर जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। जीवाजी नगर स्थित केंद्र से प्रतिदिन लगभग 1500-2000 लोग मात्र 10 रुपये में पाँच पूड़ी-सब्जी अथवा दो इडली-सांभर अथवा चावल-सांभर का लाभ ले रहे हैं।
वर्ष 2021 से ही कैंसर हॉस्पिटल में प्रतिदिन मरीजों के लिए नि:शुल्क भोजन भेजा जा रहा है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 से मुरार अस्पताल में अटेंडरों को भोजन के पैकेट नि:शुल्क वितरित किए जा रहे हैं।
वर्ष 2024 में आधुनिक सुविधाओं से युक्त चैरिटेबल नेत्र चिकित्सालय का लोकार्पण किया गया, जिसमें नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जाते हैं। इसके साथ ही चयनित सभी मरीजों को नि:शुल्क चश्मा, दवाई एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
उक्त जानकारी देते हुए संस्था के मार्गदर्शक, पूर्व संभागायुक्त  बीएम. शर्मा ने बताया कि 27 नबम्वर को समर्पण मनोरमा की संस्थापिका श्रीमती मनोरमा लड्डा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क पॉलीक्लीनिक का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ग्वालियर के वरिष्ठ चिकित्सक अपनी सेवाएँ नि:शुल्क देंगे।
 प्रमुख चिकित्सकों में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश मेहरा, डॉ. एसके जैन, डॉ. ममता जाजू, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिरुद्ध चांडक, फिजिशियन डॉ. केके अग्रवाल, डॉ. नीतू गोयल, डॉ. अरविंद मित्तल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. थॉमस, डॉ. मोनिका यादव, आयुर्वेदाचार्य डॉ. केएल मिश्रा उपलब्ध रहेंगे।
 इस अवसर पर संस्था को श्रीमती कौशल्या देवी लाहोटी द्वारा पति कैलाशवासी आरसी लाहोटी की स्मृति में एक 20 सीटर एम्बुलेंस भेंट की जा रही है। इस एम्बुलेंस का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र शिविर आयोजित करने तथा मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन हेतु अस्पताल लाने-ले जाने में किया जाएगा।