विश्व दिव्यांग दिवस के आयोजन के संबंध में बैठक का आयोजन

Nov 26 2025

ग्वालियर। अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर में विश्व दिव्यांग दिवस के सफल आयोजन के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डॉ. पल्लवी राय उपनिदेशक सीडीएस ग्वालियर द्वारा की गयी। बैठक में शंशाक विरही सामाजिक न्याय विभाग के सहायक संचालक उपस्थित थे, वहीं प्रभारी संयुक्त सामाजिक न्याय विभाग विनोद सिंह ने गूगल मीट के माध्यम से जुडक़र उपस्थित लोगों को आयोजन को प्रभावी बनाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसम्बर 2025 पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गयी। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद गतिविधियों के साथ साथ सांस्कृतिक गतिविधि, रंगोली, चित्रकला, जागरूकता रैली, विशेष शिविर तथा सम्मान समारोह के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया।
1 दिसंबर तक सभी प्रतियोगिताओं हेतु पंजीयन किये जायेंगे, इस कार्य हेतु हिमांशु माहौर को अधिकृत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों के लिए सुगम्य मार्ग, व्हीलचेयर व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा तथा सहयोगी कर्मियों की तैनाती की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी हरिओम गौतम, सौरभ, मनीष कौशिक, सूरज माने, सुश्री रजनी, अमित रत्नाकर सहित शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।