बाजार में दिन भर लगता रहा जाम,यात्री वाहन चालक हुए परेशान

Nov 24 2025

भितरवार। शासन-प्रशासन की अनदेखी से नगर की यातायात व्यवस्था को ग्रहण लगा हुआ है। नगर के मुख्य बाजार में जगह-जगह सडक़ पर दुकानदारों द्वारा किए अस्थाई अतिक्रमण से उपजी जाम की स्तिथि से लोग काफी परेशान हैं। दुकानदारों द्वारा सडक़ तक जमाई गई दुकानों ने आवागमन अवरुद्ध कर दिया है।
वहीं इन दुकानों के आसपास खड़े हो रहे बेतरतीब दो पहिया और चार पहिया वाहन भी  यातायात व्यवस्था को खराब कर रहे हैं। जिससे आए दिन जगह-जगह लग रहे जाम में वाहनों का लंबी कतारें लगी रहती हैं। लोग पैदल भी आसानी से नहीं निकल पाते। जाम लगने से लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नगर का ह्रदयस्थल कहे जाने वाले मैन तिराहा, पुराना बस स्टेंड, करैरा तिराहे, मस्जिद के पास, जनपद मार्केट सहित बाजार में प्रमुख जगहों पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें सडक़ तक जमा ली हैं। अस्थाई अतिक्रमण कर लगी इन दुकानों पर आने वाले लोगों द्वारा सडक़ पर दुपहिया और चार पहिया वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। ऐसी स्थिति में आए दिन जाम के हालात पैदा हो रहे हैं।
सोमवार को भी बाजार ने इन स्थानों पर जाम के हालात देखे गए। जाम में वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रही। जाम की वजह से लोग समय पर अपने गंतव्य की ओर नहीं निकल पाए। जाम में फंसे लोग प्रशासन को कोसते नजर आए। वहीं इस बिगड़ी यातायात व्यवस्था के लिए जिम्मेदार पुलिस और नगरीय निकाय प्रशासन की चहुओर निंदा हो रही है।