घने कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनें की रफ्तार,ट्रेनें 2 से 5 घंटे देरी से चल रही

Nov 21 2025

ग्वालियर। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाने के कारण दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें के लेट होने का सिलसिला शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा असर जम्मू, पंजाब और लंबी दूरी की ओर से आने वाली ट्रेनों पर पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के चलते रात में आने वाली ट्रेनों के देरी से ग्वालियर पहुंच रही हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विजिबिलिटी कम होने के कारण ट्रेनों की गति सीमित कर दी गई है। जिन ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस नहीं लगी है उन ट्रेनों को 65 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों की परेशानी बढऩा शुरू हो गई है।
लोग घंटों ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं और बार-बार ट्रेन के बारे में पता करने के लिए इंक्वायरी के चक्कर काट रहे हैं। कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों के समय में और इजाफा होने की संभावना है।
हालांकि इंक्वायरी पर भी यात्रियों को ट्रेन का सही समय पता नहीं चल पा रहा है। रात के समय सर्द हवाओं के बीच ट्रेन का इंतजार करना यात्रियों के लिए किसी परेशानी से कम नहीं है। यात्री ठंड में ठिठुरते हुए ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।