रंजिशन बदमाशों ने सडक़ पर युवक को पीटा, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

Nov 20 2025

ग्वालियर। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को तीन बदमाशों ने लात-घूसों और डंडों से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने भी आया है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत और वीडियो के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के संजय पुल के पास गत रात करीब 8 बजे की है। गदाईपुरा निवासी योगेश दुबे बिरला नगर के एक मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में शशिकांत परमार और आयुष लोधी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसे रोक लिया।
बदमाशों ने योगेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब योगेश ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। उन्होंने योगेश को सडक़ पर पटककर लात-घूसों और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इस मारपीट में योगेश के सिर और हाथ में चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार योगेश दुबे का मोहल्ले के शशिकांत परमार और आयुष लोधी से कुछ समय पहले विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बदमाशों ने योगेश पर हमला किया। मारपीट की यह पूरी घटना वहीं खड़े एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली।
मारपीट के बाद योगेश ने महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने योगेश की मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर शशिकांत परमार, आयुष लोधी और उनके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।