यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान

Nov 20 2025

ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर दो पहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वालों के लिए विशेष हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत ग्वालियर जिले में भी एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर एएसपी यातायात श्रीमती अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन में  विशेष हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत वाहन चालकों को अलग-अलग तरीके से हेलमेट की उपयोगिता के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में एएसपी यातायात श्रीमती अनु बेनीवाल व अजीत सिंह चौहान तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ जनता को हेलमेट के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहवर्धन करने के लिए सिटी सेंटर क्षेत्र में राजमाता तिराहा पर यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ हेलमेट जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सीख देने के साथ ही जो भी वाहन चालक हेलमेट पहने हुए मिले उन्हे सफेद रंग के फूल व पेन बांटे गए।
जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था उनके लिए इससे संदेश देने का प्रयास किया गया कि आज के समय हेलमेट कितना अधिक उपयोगी है। हेलमेट पहनकर वाहन चलाने से सडक़ हादसे में जीवन बच सकता है।
इस अवसर पर लगभग 50 से अधिक वाहन चालकों को सफेद रंग के फूल व पेन बांटे गये। यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा आगे भी इसी प्रकार से आमजनों को प्रोत्साहवर्धन करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे।
इस अवसर पर एएसपी यातायात श्रीमती अनु बेनीवाल, अजीत सिंह चौहान, थाना प्रभारी यातायात झांसीरोड कृष्ण पाल तोमर, सूबेदार नीरज सिकरवार तथा अन्य यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।