नहीं रुक रहीं चोरी की वारदातें, अज्ञात चोर दो दुकानों से चोरी कर ले गए हजारों का माल

Nov 19 2025

भितरवार। नगर में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पुलिस की निष्क्रियता की वजह से बेखौफ चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात अलग-अलग जगह दो दुकानों पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। किराना और मोटर पार्ट्स की इन दो दुकानों से चोर नकदी और समान चोरी कर ले गए।
साथ ही चोरों ने दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। वहीं कुछ दिन पूर्व नगर में कुछ घरों और दुकानों में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा होने से पहले यह चोरी की वारदात कर चोरों ने पुलिस को चुनौती देने का काम किया है।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि अज्ञात चोरों ने नगर के वार्ड 2 भितरवार-डबरा रोड मुख्य मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक 1 घाटमपुर निवासी पूर्व पार्षद उदय सिंह रावत की मोटर पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाया। जहां वे लोहे के सब्बल या रॉड से दुकान के मुख्य द्वार पर लगी शटर का ताला तोडक़र अंदर घुसे और दुकान काउंटर के दराज में रखे 10 से 12 हजार रुपए की नगदी के साथ ही कुछ सामान चुरा कर ले गए।
रोजाना की तरह घाटमपुर स्थित अपने घर से बुधवार की सुबह जब पूर्व पार्षद अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो उन्हें ताला टूटा मिला। जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी। जिस पर पहुंची पुलिस ने वारदात की प्रारंभिक जांच शुरू की।
वहीं इसी प्रकार अज्ञात चोर नगर के दूसरे छोर वार्ड क्रमांक 5 शासन में भितरवार- करैरा मुख्य सडक़ मार्ग रवि जैन पुत्र राजकुमार जैन निवासी कैरुआ के किराने की दुकान में सब्बल से सटर उचकाकर घुस गए। चोरों ने यहां सबसे पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद वे दुकान के अंदर घुसकर दुकान के गल्ले में रखी 14 से 15 हजार रुपए की नगदी एवं गोल्ड फ्लेक्स सिगरेट के डंडे और राजश्री गुटखा के दो बोरा उठा कर ले गए। लगभग चोरी गए सामान की कीमत 70 से 75 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके दुकानदार को दुकान से हुई चोरी का बुधवार की सुबह पता चला। सूचना पर एसडीओपी जितेंद्र नगाइच और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दोनों के संचालकों से आवश्यक जानकारी ली।