पांचों बदमाशों द्वारा कांग्रेस नेता सत्येन्द्र कुशवाह पर जानलेवा हमला

Nov 19 2025

ग्वालियर। कांग्रेस नेता और प्रॉपर्टी डील सत्येन्द्र सिंह कुशवाह पर जानलेवा हमला हुआ है। हमला उस समय हुआ जब वह गांव से एक शादी-समारोह में शामिल होकर अपने घर पहुंचे थे और कार से उतर रहे थे। उसी समय पांच लोगों ने पीछे से आकर उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूसे व बंदूकों के बट से हमला कर दिया।
घायल कांग्रेस नेता का जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि वह अभी सेंवढ़ा विधानसभा के प्रभारी हैं। घटना ठाटीपुर थाना क्षेत्र के न्यू विवेक नगर की है।
कांग्रेस नेता सत्येन्द्र सिंह कुशवाह गत रात करीब 2 बजे एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर के सामने पहुंचे। कार की ड्राइविंग सीट वाला दरवाजा खोलकर उतरे ही थे कि तभी पीछे से पांच बदमाश आए और उन्हें जमीन पर पटक दिया। जमीन पर गिरते ही पांचों बदमाशों ने लात-घूसों से उनके साथ मारपीट करना शुरु कर दी। एक बदमाश हाथ में बंदूक लिए हैं जो उसके बट से पीटता हुआ नजर आ रहा है। सत्येन्द्र सिंह कुशवाह बचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं पर रात का समय होने के कारण कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
आधी रात को प्रॉपर्टी डीलर व कांग्रेस नेता सत्येन्द्र सिंह कुशवाह पर जानलेवा हमला होने की खबर पुलिस को लगी तो मौके पर रात्रि गश्त कर रही टीम पहुंची और वहां से सीधे अस्पताल। अस्पताल में सत्येन्द्र सिंह कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उन पर हमला शैलू राजावत व रामेन्द्र सिंह राजावत ने किया है। बांकी तीन और कौन है इसका पता नहीं चला है। पुलिस ने इस मामले में अभी किसी को नामजद नहीं किया है और परिजनों के थाने पहुंचने का इंतजार कर रही है।
सत्येन्द्र सिंह कुशवाह पुत्र गिरवर सिंह कुशवाह मूलत: मछंड लहार जिला भिंड के रहने वाले हैं और वर्तमान में मेला ग्राउंड के पीछे न्यू विवेक नगर में रहते हैं। अभी तक जो बात सामने आई है, उसके अनुसार गांव की एक जमीन को लेकर सत्येन्द्र सिंह का विवाद शैलू राजावत व रामेन्द्र सिंह राजावत से विवाद चल रहा है। उसी जमीन को लेकर गत दोपहर में गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की रणधीर कॉलोनी में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे और जमकर मुंहवाद हुआ था। उस समय वहां मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया। दूसरे पक्ष के लोग उस समय तो वहां से चले गए, लेकिन रात में घर पहुंचते ही हमला कर दिया।
सत्येन्द्र सिंह कुशवाह पर जानलेवा हमला होने की खबर जैसे ही उनके समर्थकों को लगी तो वह फौरन घर पहुंचे। वहां जाकर पता चला कि जेएएच ले गए हैं तो समर्थक अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल घायल सत्येन्द्र का जेएएच के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
सत्येन्द्र सिंह कुशवाह कांग्रेस के पुराने नेता है और महेन्द्र सिंह चौहान जो इस समय कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष हैं उनके खास बताए गए हैं। लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व के पास सत्येन्द्र सिंह कुशवाह पर हमला होने की कोई खबर नहीं थी।
टीआई ठाटीपुर विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि न्यू विवेक नगर में युवक पर हमला हुआ है। जानकारी मिली तो तुरंत रात्रि गश्त कर रही टीम को मौके पर भेजा गया। घायल युवक का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में दो लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।