युवा शक्ति समाज में परिवर्तन की नई कहानी लिखती है:सांसद

Nov 18 2025

ग्वालियर। युवाओं में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच का संचार करने के उद्देश्य से गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन द्वारा नवचेतना युवा शक्ति प्रेरणा महोत्सव का आयोजन कृषि विश्वविद्यालय के दंतोपंत ठेंगड़ी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद भारत सिंह कुशवाह, विशिष्ट अतिथि कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेंद्र जैन, नगर निगम के खेल नोडल अधिकारी विजेता सिंह चौहान, एवं सीए स्निग्धा निगम उपस्थित रहीं। 
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि युवा शक्ति जब दिशा और प्रेरणा से जुड़ती है, तब समाज में परिवर्तन की नई कहानी लिखती है। उन्होंने गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को सपनों की उड़ान देने वाला सशक्त प्रयास है। 
संस्था के संस्थापक आकाश बरुआ एवं संयोजक आकाश त्रिपाठी ने बताया कि नवचेतना युवा शक्ति महोत्सव के अंतर्गत पेंटिंग, क्विज, डांस, रंगोली, ओपन माइक, प्रदर्शनी एवं स्टार्टअप शोकेस सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजयी प्रतिभागियों को मंच पर ट्रॉफी, प्रमाणपत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।