बच्चे देश का भविष्य हैं इनको सदमार्ग पर चलाएं-बलदेव अग्रवाल

Nov 14 2025

भितरवार। बच्चे देश का भविष्य हैं इनको सदमार्ग पर चलाएं इनकी प्रगति पर ही देश की प्रगति निर्भर है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी प्रदान करते हुए उन्हें अनुशासन का पाठ पढ़ाएं। यह बात नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने चाइल्ड जॉन स्कूल में आयोजित बाल उत्सव मेला में कही। 
शुक्रवार को नगर के शासकीय अशासकीय विद्यालयों में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया गया। बाल दिवस पर नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित चाइल्ड जॉन स्कूल में बाल उत्सव मेला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ राहुल गांधी और वार्ड 6 की पार्षद रेणु धर्मेंद्र अग्रवाल उपस्थित थे। मंचासीन इन सभी अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 
मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने विद्यालय के बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के पहले गुरु माता पिता होते हैं। बच्चों को संस्कारवान बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए माता पिता को बच्चों की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। वहीं श्री अग्रवाल ने विद्यालय के शिक्षकों की ओर मुखातिब होकर कहा कि स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए समय समय पर विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करें। 
कार्यक्रम में विद्यालय की एक बालिका ने एक गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। वहीं बाल उत्सव मेले में विद्यालय के बच्चों ने स्टॉल लगाकर तरह तरह के व्यंजन सजाकर प्रदर्शनी लगाई। बच्चों के पकवान अतिथियों ने स्वाद लिया। उन्होंने बच्चों को पैसे देकर उनकी स्टॉल से स्वादिष्ट व्यंजन खरीदे।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक एवं पार्षद राधेश्याम जैन, शिक्षिका मनीषा रावत, शिक्षक रामरस रावत, सोहन रावत, प्रमोद जोशी, विकास वमा, छैल विहारी सोनी, सीमा यादव, ममता मौर्य, गरिमा जैन, ज्योति रावत, अंजू केन, शिवानी रावत, अंशु चौहान, आरती परिहार आदि उपस्थित थे।