मेले के विकास के लिए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से मिला कैट प्रतिनिधिमंडल

Nov 13 2025

ग्वालियर। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने 120 वर्ष पुराने ग्वालियर व्यापार मेले को बचाने के लिए नईदिल्ली में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंटकर आग्रह पत्र सौंपा। कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने मांग पत्र में आग्रह किया कि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण का शीघ्र गठन किया जाए। मेला परिसर में स्थापित दुकानें, सडक़, छत्रियां, शौचालयों का संधारण हो, इसके लिए राज्य एवं केन्द्र सरकार से मेला प्राधिकरण को आर्थिक मदद दिलाई जाए। मेले में वर्ष 2002 से स्थापित मध्यप्रदेश एक्सपो फैसिलिटेशन सेंटर 20 वर्षों से अपने उपयोग का इंतजार कर रहा है। उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आयात-निर्यात का केन्द्र बनाया जाए। 
वोकल फॉर लोकल स्वदेशी वस्तुओं के विक्रय के लिए इसका उपयोग वर्षभर किया जाए। मेले में विभिन्न राज्यों के एम्पोरियम जो अब बंद हो गए हैं, उन्हें पुन: लाया जाए और मेले को आधुनिक रूप से विकसित किया जाए। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने विश्वास दिलाया कि व्यापार मेला पुन: अपना वैभव लेकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। प्रतिनिधि मंडल में रोटरी अंतरराष्ट्रीय के निर्वाचित प्रांतपाल प्रदीप पाराशर भी थे।