साड़ी की दुकान व कबाड़ गोदाम में आग लगी,10 लाख का नुकसान

Nov 13 2025

ग्वालियर। महलगांव मस्जिद के पास गत रात आग लगने से गोदाम व साड़ी की दुकान पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। आग से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान होना बताया गया है।
आसाराम शर्मा निवासी किला गेट कबाड़ का काम करते हैं। उनकी दुकान व गोदाम महलगांव मस्जिद के पास है। गत रात डेढ़ बजे आसाराम शर्मा के पास फोन पहुंचा कि उनके कबाड़ के गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही आसाराम तत्काल वहां पहुंचे, तब तक फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां आग बुझाने कबाड़ गोदाम के लिए पहुंच चुकी थीं।
आसाराम शर्मा के कबाड़ गोदाम के पास ही बांके बिहारी के नाम से साडिय़ों की दुकान है, आग वहां तक पहुंच गई जिससे उसमें रखी साडिय़ां व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। साड़ी की दुकान किसी दीवान की बताई गई है।
कबाड़ गोदाम के संचालक आसाराम शर्मा ने बताया कि दिवाली के समय भाव अच्छा चल रहा था, लेकिन एकदम से कबाड़ के सामान का भाव नीचे गिर गया जिससे उन्होंने सामान रोक लिया था। दिवाली के समय से जो कबाड़ आ रहा था वह पूरा गोदाम में भरा हुआ था जो आग लगने से पूरी तरह से बेकार हो गया।