आपका यह स्नेह प्यार कभी नहीं भुला पाऊंगा-रामेश्वर रावत

Nov 12 2025

भितरवार। आप सभी से जो स्नेह प्यार मिला है। उसे में कभी नहीं भुला पाऊंगा। आपसे आज मुझे एक नई ऊर्जा मिली है। इससे मेरे राजनैतिक कदमों को और मजबूती मिलेगी। यह बात लखेश्वरी मंडल के नवनियुक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत ने कही। 
बुधवार को नगर के वार्ड 2 की पार्षद ब्रजलता गजब सिंह रावत के निवास पर लखेश्वरी मंडल के नव नियुक्त अध्यक्ष का सम्मान करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि ग्राम बरौआ के सरपंच मेघसिंह रावत, युवा भाजपा नेता श्रीकृष्ण यादव थे। जिन्होंने भाजपा नेता गजब सिंह रावत के साथ लखेश्वरी मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष रामेश्वर रावत को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। 
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा रामेश्वर रावत जैसे अनुशासित कार्यकर्ताओं की बदौलत दिन प्रतिदिन मजबूत हो रही है। श्री रावत कई वर्षों से पार्टी की रीति नीति को गांव गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी इसी मेहनत और लगन को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौपी है। वहीं कार्यक्रम में लखेश्वरी मंडल के अध्यक्ष श्री रावत ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है। उसका निर्वहन साथी कार्यकर्ताओं के सहयोग पूरी ईमानदारी से किया जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि आज जो सम्मान आप सभी लोगों से मिला है। वह मुझे नई ऊर्जा प्रदान करेगा। 
कार्यक्रम में भाजपा नेता गजबसिंह रावत, केपी पांडे, मोनू रावत, सहजाद खान, पुष्पेंद्र पवैया, विवेक गौतम आदि उपस्थित थे।