रविशंकर हॉस्टल की बिल्डिंग से गिरे एमबीबीएस स्टूडेंट की मौत

Nov 11 2025

ग्वालियर। रविशंकर हॉस्टल में गत रात फस्र्ट फ्लोर से संदिग्ध हालात में गिरकर एक 21 वर्षीय मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई। घटना के समय मेडिकल स्टूडेंट का रूम पार्टनर अंदर था और यह नीचे ग्राउंड फ्लोर पर जा गिरा और उसे पता भी नहीं लगा।
नीचे ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स ने आवाज सुनी तो वह पोर्च की तरफ पहुंचे। तत्काल वार्डन व अन्य स्टूडेंट को सूचना दी। घायल मेडिकल स्टूडेंट को गत रात 10 बजे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसने इंटरनल इंजरी के चलते दम तोड़ दिया।
जबकि मेडिकल स्टूडेंट की बहन ने सवाल उठाए हैं कि जब वह ऊपर से गिरा तो खून क्यों नहीं निकला। घटना मेडिकल कॉलेज के रविशंकर हॉस्टल में गत रात की है। मृतक एमबीबीएस स्टूडेंट अभी एक महीने पहले ही ग्वालियर आया था। वह मूल रूप बैतूल का रहने वाला है। पुलिस ने परिजन को सूचना दे दी है और वह ग्वालियर पहुंच गए हैं। पुलिस रैगिंग के एंगल पर भी मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी कहीं से कोई पुष्टि नहीं है।
बैतूल के रानीपुर स्थित घोड़ाडोंगरी निवासी यशराज उइके पुत्र पंचम उइके (21) ने इसी साल नीट का एग्जाम क्लियर किया था। उसे ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिला था। दीपावली के बाद वह अभी 20 दिन पहले ग्वालियर आया था। वह एमबीबीएस फस्र्ट सेमेस्टर का स्टूडेंट था। यहां रविशंकर शुक्ल जूनियर बॉयज हॉस्टल के फस्र्ट फ्लोर पर उसे रहने के लिए रूम मिला था। उसका रूम पार्टनर गुना निवासी प्रवीण सहरिया है। गत रात करीब पौने दस बजे प्रवीण अपने रूम में था और यह रूम के बाहर ओपन एरिया में था। 
तभी अचानक वह संदिग्ध हालात में फस्र्ट फ्लोर से नीचे गिर गया, जबकि उसके रूम पार्टनर को पता भी नहीं लगा। नीचे जब उसके गिरने की आवाज आई तो ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स दौडक़र पोर्च में पहुंचे तो यह मेडिकल स्टूडेंट पड़ा हुआ था। कपिल कुमार नाम के गार्ड ने हॉस्टल वार्डन व अन्य छात्रों को सूचना दी।
 घटना के बाद हॉस्टल के दोस्त, स्टाफ मेडिकल स्टूडेंट यशराज उइके को लेकर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने तत्काल यशराज का इलाज शुरू कर दिया। यशराज को कहीं भी ऊपरी चोट नहीं लगी थी। उसको इंटरनल इंजरी थी जिस कारण डॉक्टर्स ने सिटी स्कैन भी कराया, लेकिन चोट गहरी होने के चलते उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की बहन सुषमा मुरैना से ग्वालियर आई है। सुषमा का कहना है कि उसका भाई ऐसा कदम बिल्कुल नहीं उठा सकता है। यह खुदकुशी नहीं है। उसके साथ कुछ गलत हो रहा था या हुआ है। यदि वह ऊंचाई से नीचे गिरा और चोट लगने से मौत हुई है तो खून क्यों नहीं निकला। सुषमा ने बताया कि वह भी मुरैना में नर्स हैं उनको पता है चोट लगने पर खून निकलता है।
 पुलिस को हॉस्टल के अंदर से अभी यह भी पता लगा है कि छात्र रैगिंग का शिकार हुआ था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रूम पार्टनर से लेकर अन्य छात्र रैगिंग की मना कर रहे हैं। छात्र के फस्र्ट फ्लोर से गिरना बताया जा रहा है, जबकि उसका मोबाइल छत पर मिला है। जिस रूम में वह रह रहा था अभी उसे अलॉट भी नहीं हुआ है।
मेडिकल स्टूडेंट की संदिग्ध हालात में गिरकर मौत की खबर मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। शव को जेएएच के डेड हाउस में रखवा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस मामले में गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने बताया कि एक मेडिकल स्टूडेंट की गिरने से मौत हो गई है। घटना का पता चलते ही उसे अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन बचा नहीं सके। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है और आगे की जांच पुलिस का रही है।
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव का कहना है कि एक मेडिकल स्टूडेंट की मौत हुई है। उसको ऊंचाई से गिरना बता रहे हैं। हम हर एंगल पर मामले की जांच कर रहे हैं। अभी कहा नहीं जा सकता है कि यह खुदकुशी है या हादसा।