दो दिवसीय अंतर जिला विश्वविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ

Nov 11 2025

ग्वालियर। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतर जिला विश्वविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन राज्य स्तरीय युवा उत्सव की श्रृंखला का हिस्सा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे ने की।
उत्सव के पहले दिन एकल शास्त्रीय गायन, एकल शास्त्रीय वादन (परकुशन), सुगम गायन, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों ग्वालियर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, कटनी, इंदौर और मैहर के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
ग्वालियर के प्रतिभागी ने राग मुल्तानी में गोकुल गांव के छोरा तथा एकताल में आंगन में नंदलाल बंदिशें गाई। तबला वादन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने झपताल, तीनताल, रूपकताल आदि में पेशकार, कायदे, टुकड़े और चक्रदार बंदिशों का मनोहारी प्रदर्शन किया।
सुगम संगीत प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गजलों की प्रस्तुतियां दीं कभी मुझको साथ लेकर..., अजनबी शहर के अजनबी रास्ते..., मैं नजर पढूं... जैसे गीतों से माहौल सुरमयी बना रहा।
रंगोली प्रतियोगिता में सांस्कृतिक परंपरा थीम पर प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता से मन मोह लिया। वहीं, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रकृति विषय पर प्रतिभागियों ने जीवंत चित्रों से अपनी कला का परिचय दिया।
कार्यक्रम में चंद्र प्रताप सिकरवार, डॉ. आशुतोष खरे, डॉ. पारुल दीक्षित, डॉ. मनीष करवड़े आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास विपट ने किया।