शतरंज जैसे खेल जीवन में संतुलित सोच और एकाग्रता का निर्माण करते हैं: आशीष अग्रवाल

Nov 11 2025

ग्वालियर। ऑल ग्वालियर चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में द्वितीय सम्राट तानसेन ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट 2025 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों के खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टूर्नामेंट में आयुषी मिश्रा सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनी। 
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को  50 हजार के नकद पुरस्कार प्रदान कर सभी खिलाडिय़ों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सिय्याद्रि निशा उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि आशीष अग्रवाल ने कहा कि बौद्धिक खेल जैसे शतरंज न केवल बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन और तर्कशक्ति का विकास करते हैं, बल्कि यह उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करते हैं। इस खेल की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें कम उम्र के खिलाड़ी भी अनुभवी खिलाडिय़ों के साथ एक ही मंच पर बैठकर मुकाबला कर सकते हैं, और अपनी प्रतिभा, एकाग्रता तथा रणनीतिक सोच से सबको प्रभावित कर सकते हैं। यही शतरंज की वास्तविक शक्ति और सुंदरता है।
शतरंज जैसे बौद्धिक खेल बच्चों में तर्कशक्ति, निर्णय क्षमता और मानसिक संतुलन का विकास करते हैं, जबकि शारीरिक खेल उन्हें स्फूर्ति, ऊर्जा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना प्रदान करते हैं। आज के युग में जब बच्चे मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में सिमटते जा रहे हैं, ऐसे आयोजनों से उनमें एकाग्रता, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर आयोजन समिति की डॉ. गरिमा गर्ग, इं. रूचि मित्तल, हिमांशु वासुदेव, अनिल गर्ग, गौरांग गोयल आदि उपस्थित रहे।