खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, जीवन के संस्कारों का सशक्त माध्यम हैं:आशीष अग्रवाल

Nov 10 2025

ग्वालियर। आल इंडिया कराटे एसोसिएशन द्वारा लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में नौवीं स्टेट कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि डीआइजी अमित सांघी उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में 12 राज्यों से आए लगभग 400 प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि हमारे सामने उपस्थित युवा साथी ही जिला, प्रदेश और देश का भविष्य हैं। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन के अमिट संस्कारों और सीखों का सशक्त साधन है। युवा खेलों के माध्यम से न केवल आत्मरक्षा की कला सीखते हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनते हुए जीवन जीने की सही दिशा भी प्राप्त करते हैं। खेल हमें सिखाता है— हारकर उठना, जीतकर भी निरंतर प्रयासरत रहना, सफलता के बाद नई मंजि़ल की ओर बढऩा और हार मिलने पर भी हार न मानना। यही जीवन की असली कला है, जो युवा पीढ़ी को संघर्षशील और आत्मविश्वासी बनाती है। उन्होंने कराटे को प्रोत्साहित करने वाले सभी समाजसेवियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों को भी बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, समर्पण और आत्मबल का संचार करते हैं। ग्वालियर के युवाओं के लिए यह आयोजन एक सुनहरा अवसर रहा, जिसने उन्हें न केवल खेल की भावना से जोड़ा, बल्कि संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी भाव विकसित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों को उनके सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डीआईजी अमित सांघी ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर संस्था के अमित जयदेव शर्मा, अरूण पोरवाल, संजय, सुश्री दीप्ति शर्मा, श्रीमती आराधना मालवीय, राकेश शर्मा, पारितोष शर्मा, वरूण पोरवाल, डॉ. रजनीश नीखरा, जुगल गुर्जर सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।