स्कूली विद्यार्थियों ने कैंसर अस्पताल का भ्रमण किया

Nov 08 2025

ग्वालियर। राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर लिटिल एंजल्स हाई स्कूल के 30 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के बाल ऑन्कोलॉजी वार्ड का भ्रमण किया।
अस्पताल टीम द्वारा विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें बाल ऑन्कोलॉजी वार्ड का अवलोकन कराया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कैंसर के विकास की प्रक्रिया, उसके कारण, सामान्य लक्षण, वार्षिक कैंसर स्क्रीनिंग, मैमोग्राफी, अन्य जांचें, टीकाकरण, उपचार की विधियाँ, कैंसर से उबर चुके रोगियों की कहानियाँ, फॉलो-अप, नशा-मुक्ति और पोषण के विषय में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट के बारे में बताया गया और कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
विद्यार्थियों ने बाल कैंसर से उबर चुके बच्चों से मुलाकात की, उनके साथ चित्रकला की, गिटार बजाया, गीत गाए और आपस में शुभकामनाएँ साझा कीं।
डॉ. बीआर श्रीवास्तव निदेशक कैंसर हॉस्पिटल ने भी विद्यार्थियों से मुलाकात की, उनसे संवाद किया और उनके उत्साह की सराहना की। विद्यार्थियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपने हाथों से बनाया हुआ हस्तशिल्प भेंट किया। विद्यार्थियों ने बाल कैंसर विजेताओं को उपहार भी दिए।