गांव का विकास ही देश का विकास-सुशील बरुआ

Nov 08 2025

ग्वालियर। नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा विकासखंड मुरार के बेरजा सेक्टर में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों की बैठक पंचायत भवन में आयोजित की गयी। बैठक में मुख्य अतिथि मप्र जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरुआ उपस्थित थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेंद्र दीक्षित ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेयी एवं संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम उपस्थित थे।
कार्यक्रम के शुभारंभ में बैठक का उद्देश्य एवं प्रस्फुटन समितियों के कार्य के बारे में नवांकुर संस्था की अध्यक्ष हरिओम गौतम ने उपस्थित लोगों को विस्तार पूर्वक बताया।
बैठक में सुशील बरुआ ने कहा कि गांव का विकास ही, देश का विकास है। इसी भावना को साकार करने हेतु जन अभियान परिषद, मध्यप्रदेश शासन द्वारा ग्रामों में प्रस्फुटन समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों का उद्देश्य है जनभागीदारी के माध्यम से सतत, सर्वांगीण और आत्मनिर्भर ग्राम विकास।
प्रीति वाजपेयी ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर समिति के सदस्यों से चर्चा की। बैठक में जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित ने जन अभियान परिषद की रीति और नीति से नवीन सदस्यों को अवगत कराया।
बैठक का संचालन नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति की सचिव रामदास माहौर ने किया तथा उपस्थित लोगों का आभार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बेरजा के अध्यक्ष अभिषेक माहौर ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रस्फुटन समितियों के सदस्यगण उपस्थित थे, कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों को स्वल्पाहार प्रदान किया गया।