जीआरएमसी के लिए 81 करोड़ के अत्याधुनिक उपकरण स्वीकृत

Nov 07 2025

ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय और उससे संबद्ध जयारोग्य अस्पताल समूह के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। मरीजों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 81 करोड़ 38 लाख 79 हजार 973 रुपए के अत्याधुनिक उपकरण देने का निर्णय लिया है। अस्पताल में जल्द ही नई डुअल-एनर्जी लीनियर एक्सीलरेटर, सीटी सिम्यूलेटर, नई एमआरआई, नई सीटी स्कैन मशीन, ब्रेकी थेरेपी और डीआर सिस्टम जैसे अत्याधुनिक उपकरण आयेंगे। अत्याधुनिक उपकरण आने के बाद जहां मरीजों को अत्याधुनिक मशीनों से इलाज तो मिलेगा ही साथ ही उपचार के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

मरीजों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 81 करोड़ 38 लाख 79 हजार 973 रुपए के डुअल-एनर्जी लीनियर एक्सीलरेटर और सीटी सिम्युलेटर मशीन, मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (एमआरआई) मशीन, कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीटी) मशीन, एचडीआर ब्रेकीथेरेपी, डुअल-डीआर एक्स-रे आदि अत्याधुनिक उपकरण देने का निर्णय लिया है।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. आरकेएस धाकड़ ने बताया कि इतिहासिक क्षण है कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इतनी बड़ी राशि की मशीने महाविद्यालय को देने का निर्णय लिया है। यह पूरे संस्थान के लिए गौरव की बात है। यह सब वरिष्ठ अधिकारियों, उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संभव हुआ है। मैं सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मेडिकल कॉलेज द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए यह अत्याधुनि उपकरण देने का निर्णय लिया है।