विवाद के चलते फायरिंग करने वाले तीन पकड़े

Nov 07 2025

ग्वालियर। तिघरा थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव में गत दोपहर विवाद के चलते फायरिंग करने वाले पुलिस को चकमा देकर जौरा भागना चाहते थे, लेकिन आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब होते उससे पहले ही पुलिस के पास सूचना पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर लखनपुरा तिराहे पर आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से एक बोलेरो गाड़ी, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस तथा हमले में प्रयुक्त की गई लाठी बरामद की है।
नरेश सिह गुर्जर निवासी लखनपुरा तिघरा गत दोपहर में अपने खेतों में मवेशी चरा रहे थे। उसी समय वहां ग्राम रेंडाकी के रहने वाले नरेन्द्र सिह गुर्जर, दिलीप सिह गुर्जर, महीप सिंह गुर्जर व तहसीलदार गुर्जर निवासी ग्राम बुढ़ावली बागचीनी, मुरैना व देवेन्द्र सिह गुर्जर निवासी ग्राम सीढऩा का पुरा तिघरा वहां पहुंचे और पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगे।
विवाद इतना बढ़ा कि एक तरफ से फायरिंग कर दी गई और नरेश सिंह गुर्जर के साथ मारपीट कर आरोपी भाग गए। पुलिस तक मामले की सूचना पहुंची तो तुरंत आरोपियों की घेराबंदी की गई।
पुलिस घेराबंदी करने में लगी थी कि सभी आरोपी बोलेरो गाड़ी में बैठकर जौरा जिला मुरैना भागने की फिराक में है। पुलिस के लिए इतनी सूचना काफी थी और तत्काल लखनपुरा तिराहे पर पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट लगाया और घेराबंदी कर दी। लखनपुरा तिराहे की तरफ एक बोलेरो गाड़ी क्रमांक एमपी 06 सीए 3755 आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोका तो उसमें तीन व्यक्ति बैठे थे।
पूछताछ में इन लोगों ने अपना नाम नरेन्द्र सिह गुर्जर पुत्र सरनाम सिह गुर्जर निवासी ग्राम रेंडाकी तिघरा जिला ग्वालियर, देवेन्द्र सिंह पुत्र स्व. श्यामबाबू गुर्जर निवासी ग्राम सीढऩा का पुरा तिघरा, तहसीलदार सिह पुत्र स्व हरीसिह गुर्जर निवासी ग्राम बुढ़ावली बागचीनी जिला मुरैना बताया। इनकी तलाशी लेने पर नरेन्द्र सिंह गुर्जर से एक 12 बोर का कट्टा व 2 जिन्दा राउंड, तहसीलदार से 12 बोर के 2 जिन्दा राउंड व देवेन्द्र सिह से एक लाठी मिली।