इस गीत के महत्व को याद रखना नई पीढ़ी के लिए जरूरी:विधानसभा अध्यक्ष तोमर

Nov 07 2025

ग्वालियर। राष्ट्रगीत वंदेमातर की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर बाल भवन में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों सहित विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, ऊर्जा मंत्री प्रगुम्न सिंह तोमर, सहित अधिकारियों एवं आमजनों ने वंदेमातरम् का गायन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण भी बाल भवन में सुना गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलित कर की गई। इसके बाद उपस्थित जनों ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। समारोह में स्वदेशी अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वंदे मातरम आजादी के आंदोलन का मंत्र था, जिसने स्वतंत्रता सेनानियों को साहस और प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज जब हम स्वतंत्र हैं, तो इस गीत के महत्व को याद रखना नई पीढ़ी के लिए जरूरी है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं में देशप्रेम का जोश बढ़ेगा। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी बाल भवन में देखा गया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर वंदे मातरम पर आधारित 150 रुपए का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी किया।
साथ ही एक समर्पित वेबसाइट का शुभारंभ किया, देशभक्ति की भावना को फिर से जीवित करने वाला यह आयोजन ग्वालियर के लिए गर्व का विषय रहा। राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के इस अवसर पर जिलेभर में देशभक्ति और स्वाभिमान का संदेश गूंज उठा।
कार्यक्रम मेंआईजी अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रूचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह, सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।