अब पाइप लाइन के लिए रवि नगर की सडक़ खोदी

Nov 03 2025

ग्वालियर। नगर निगम के पीएचई विभाग और उसके ठेकेदारों की सोच अलग ही है। इन पर नगर निगम के उच्चाधिकारियों से लेकर अन्य जिला प्रशासन के अफसरों का भी खौफ नहीं हैं।
शहर में जब सडक़ों को लेकर बाबेला मचा है, सडक़ें उखड़ी और खुदी पड़ी हैं, तब उसी समय जीडीए बिल्डिंग के आसपास पूरे रवि नगर की सडक़ भी सोमवार से खोदी जा रही है। सडक़ें खोदने का तर्क है कि पानी की पाइप लाइन बिछाई जायेगी।
जानकारी के मुताबिक रवि नगर जीडीए के पास की कालानी की सडक़ें इन दिनों शहर की सबसे बेहतर सडक़ थी। लेकिन अब उस पर भी पीएचई की बुरी नजर लग गई है। पीएचई विभाग ने बिना परमीशन वहां की सडक़ें खोदनी शुरू कर दी है, जिससे रवि नगर की अच्छी बनी बनाई सडक़ों का बंटाधार हो रहा है।
विशेष बात यह है कि यह सडक़ बिना परमीशन ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से खोदी जा रही है। पूरे रवि नगर में जीडीए से लेकर सेमल हास्पीटल तक की सडक़ें बड़ी ड्रिल से सोमवार को पोली कर दी गई हैं, ताकि उसे जेसीबी से खोदा जा सकें। अच्छी भली सडक़ों की खुदाई होने से स्थानीय लोग परेशान हैं।