एमपी बोर्ड की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं दो पालियों में शुरू हुई

Nov 03 2025

ग्वालियर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं सोमवार से जिले के सभी सरकारी स्कूलों में शुरू हो गई। जिलेभर के छात्र-छात्राएं इन परीक्षाओं में उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रहीं हैं। ताकि सभी कक्षाओं की परीक्षा समय पर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके। परीक्षाओं के दौरान चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं।
परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए स्कूलों में टीचर कड़ी निगरानी कर रहे हैं। परीक्षाओं के अंक फाइनल रिजल्ट में जुडऩे के कारण छात्र भी लंबे समय से परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे थे। 9वीं और 10वीं की पहली परीक्षा हिंदी विषय की हुई। वहीं 11वीं और 12वीं की पहली परीक्षा भौतिक शास्त्र और अर्थशास्त्र की हो रही है।
 पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जा रही है। इस पाली में कक्षा 9 और 10 तक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। विद्यालयों में समय से पहले विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। शिक्षक और परीक्षा प्रभारी निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए थे ताकि परीक्षा समय पर शुरू हो सके।
दूसरी पाली की परीक्षाएं दोपहर 1.30 बजे से प्रारंभ हुईं, जो शाम 4.30 बजे तक चली। इस सत्र में 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों के लिए यह परीक्षा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इन परीक्षाओं में प्राप्त अंक सीधे उनके फाइनल रिजल्ट को प्रभावित करेंगे।
सभी केंद्रों पर सख्त निगरानी की जा रही है। नकल रोकने के लिए स्कूल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण दल भी गठित किए गए हैं, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं।
एमपी बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं कि इन परीक्षाओं के अंक फाइनल रिजल्ट का हिस्सा होंगे। इन परीक्षाओं के दस फीसदी अंक वार्षिक परीक्षा के परिणाम में जोड़े जाएंगे। इसी कारण छात्रं लंबे समय से इन परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हुए थे। शिक्षकों ने भी अतिरिक्त कक्षाएं लेकर छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।